Category:
State News (राज्य समाचार)
State:
Maharashtra
2026-07-31 02:50:21
स्कूलों के आसपास जंक फूड पर सख्ती 50 मीटर दायरे में समोसा वड़ा पाव और चिप्स की बिक्री पर रोक
स्कूलों के आसपास जंक फूड पर सख्ती, 50 मीटर दायरे में समोसा, वड़ा पाव और चिप्स की बिक्री पर रोक
बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में बड़ा कदम, स्कूल कैंटीन और आसपास के खाद्य विक्रेताओं के लिए नए नियम लागू
मुंबई/जयपुर | NMS.NEWS
महाराष्ट्र सरकार ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूल परिसरों और उनके 50 मीटर के दायरे में जंक फूड की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत समोसा, वड़ा पाव, चिप्स, शीतल पेय सहित अधिक वसा, नमक और चीनी वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक रहेगी। सरकार का उद्देश्य बच्चों में बढ़ती मोटापा, मधुमेह और अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम करना है।
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार स्कूल प्रबंधन को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। कैंटीन संचालकों और खाद्य विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों में संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि विद्यालय स्तर पर पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। हालांकि इस फैसले के बाद अब अन्य राज्यों में भी ऐसे नियम लागू किए जाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सरकार का कहना है कि नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे और उल्लंघन करने वाले संस्थानों एवं विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह पहल बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ और पोषणयुक्त शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
— संवाददाता: श्रवण पंवार, जयपुर | NMS.NEWS