Category:
Crime (अपराध)
State:
Rajasthan
2026-08-09 03:02:53
जयपुर की पुरानी हवेली में खजाने का राज: ठेकेदार-मजदूरों पर चांदी बांटने का आरोप, 66 किलो से ज्यादा बरामद
जयपुर। राजधानी जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित विद्याधर का रास्ता की एक पुरानी हवेली को तोड़ने के दौरान कथित रूप से मिले पुराने खजाने को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है। हवेली मालिक की शिकायत के बाद पुलिस ने ठेकेदार और उसके साथियों पर कीमती सामान आपस में बांटने के आरोप में कार्रवाई शुरू की है।
शिकायत के अनुसार हवेली में नए निर्माण के लिए तोड़ाई का ठेका दिया गया था। आरोप है कि काम के दौरान हवेली की दीवारों और नींव से चांदी की सिल्लियां, पुराने चांदी के सिक्के और सोने के सिक्कों से भरे कलश मिलने की बात सामने आई। मालिक का आरोप है कि कीमती सामान उसे सौंपने के बजाय ठेकेदार और उसके साथियों ने आपस में बांट लिया।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 66 किलो 400 ग्राम चांदी के सामान की बरामदगी की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बरामद सामान में चांदी की सिल्लियां और पुराने सिक्के शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हवेली से कथित रूप से मिली बाकी संपत्ति कहां गई।
पुलिस के अनुसार मामले में हवेली तोड़ने के काम से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। शिकायत में सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही कथित खजाने की वास्तविक मात्रा और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। �
Sanchore News
बताया जा रहा है कि हवेली मालिक को एक मजदूर के माध्यम से कथित रूप से खजाना मिलने की जानकारी मिली थी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और माणक चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
संवाददाता: श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS