News Details | Navdhriti Manavadhikar Samachar
LIVE UPDATES
Loading fresh updates...
NMS NEWS JAIPUR

Reporter

Category: Environment (पर्यावरण)    State: Rajasthan

2026-08-09 03:04:53

75 लाख के लक्ष्य को पीछे छोड़ हरियाली का नया रिकॉर्ड, 87 लाख से ज्यादा पौधे रोपे गए

जयपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए गए ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ अभियान ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड कायम किया है। अभियान के तहत निर्धारित 75 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को पीछे छोड़ते हुए 87,06,880 पौधों का रोपण किया गया।
अभियान की शुरुआत 7 जुलाई को ‘पेड़ है तो जिंदगी है’ के संदेश के साथ की गई थी। अभियान में स्कूलों, कॉलेजों, स्वयंसेवी संस्थाओं, समितियों, गैर-सरकारी संगठनों, प्रशासन और वन विभाग सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी निभाई।
इस अभियान में 2,334 स्कूलों, 625 कॉलेजों, 811 संस्थाओं तथा 2,642 अन्य संस्थाओं की भागीदारी रही। पौधारोपण के साथ इस बात पर भी विशेष जोर दिया गया कि पौधे ऐसी जगह लगाए जाएं, जहां उन्हें नियमित रूप से पानी और देखभाल मिल सके।
अभियान से जुड़े आयोजकों का कहना है कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य से लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की गई है।
अभियान की सफलता में आम लोगों, संस्थाओं और प्रशासन के सहयोग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 87 लाख से अधिक पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर, आसपास या उपयुक्त सार्वजनिक स्थान पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी जिम्मेदारी भी लें। उनका कहना है कि आज लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संवाददाता: श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS
Old Archives & News

Looking for our older reports or missed stories from the past?

View Old News