Category:
Politics (राजनीति)
State:
Delhi
2026-08-22 03:32:54
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन इस्तेमाल का मामला अब राजनीतिक और कानूनी विवाद के केंद्र में आ गया है। प्रदर्शन में घायल हुए छात्र साहिल की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने 21 अगस्त को संसद मार्ग थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की।
सात घंटे के धरने के बाद दर्ज हुई FIR, पैलेट गन से घायल छात्र का मामला गरमाया
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन इस्तेमाल का मामला अब राजनीतिक और कानूनी विवाद के केंद्र में आ गया है। प्रदर्शन में घायल हुए छात्र साहिल की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने 21 अगस्त को संसद मार्ग थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की।
मामले को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे और FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर करीब सात घंटे तक धरने पर बैठे रहे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान साहिल को पैलेट गन से गंभीर चोटें आईं और उसके शरीर में 200 से अधिक छर्रे लगे हैं।
छात्र की शिकायत में गंभीर आरोप
FIR के अनुसार, 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई के बीच साहिल के घायल होने का आरोप है। शिकायत में दावा किया गया है कि धातु के छर्रों से उसे चोट लगी और उसकी दाहिनी आंख की रोशनी प्रभावित हुई। पुलिस ने फिलहाल मामले में अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया है और जांच शुरू कर दी है।
राहुल गांधी ने पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। दूसरी ओर, इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। भाजपा की ओर से राहुल गांधी के धरने को राजनीतिक प्रदर्शन बताया गया, जबकि कांग्रेस ने इसे घायल छात्र को न्याय दिलाने की लड़ाई बताया।
FIR के बाद आगे जांच पर नजर
करीब एक महीने बाद FIR दर्ज होने से अब जांच एजेंसियों के सामने घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों, वीडियो फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की चुनौती होगी। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों के बाद ही हो सकेगी।
संवाददाता श्रवण पंवार | जयपुर | NMS.NEWS