Category:
Local News (स्थानीय समाचार)
State:
Rajasthan
2026-08-22 03:46:20
जयपुर। विश्वकर्मा इलाके में शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गोयल धामकांटा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 3 वर्षीय मासूम कार्तिक बाइक से नीचे गिर गया और ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
दर्दनाक हादसा: मां की गोद से छूटा 3 साल का मासूम, बाइक के नीचे दबा; ट्रक के पहिए के नीचे आने से मौत
जयपुर। विश्वकर्मा इलाके में शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गोयल धामकांटा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 3 वर्षीय मासूम कार्तिक बाइक से नीचे गिर गया और ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोक दिया, लेकिन भीड़ को देखकर वहां से भागने लगा। लोगों ने पीछा कर चालक को रोक लिया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए।
मां को अस्पताल पहुंचने तक नहीं थी बेटे की मौत की जानकारी
हादसे के बाद घायल मां रीना अपने बेटे कार्तिक को लेकर अस्पताल पहुंची। वह लगातार बच्चे को संभालती रही और उसे घायल समझकर इलाज की उम्मीद करती रही। अस्पताल में डॉक्टरों ने कार्तिक को मृत घोषित किया तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस के अनुसार बाइक पर कार्तिक के साथ उसकी मां रीना, बहन साक्षी और मामा कैलाश भी सवार थे। हादसे में मां रीना, बहन साक्षी और बाइक चला रहे कैलाश को भी चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। घटना के बाद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
NMS.NEWS रिपोर्ट: मासूम की मौत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की आवाजाही, गति नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संवाददाता श्रवण पंवार | जयपुर | NMS.NEWS