Category:
Crime (अपराध)
State:
Rajasthan
2026-08-27 05:06:59
जवाहर सर्किल डकैती मामले में पुलिस का खुलासा, यूपी-नेपाल बॉर्डर से आए आरोपी गिरफ्तार; करीब 5 लाख रुपए नकद समेत जेवरात और अन्य सामान लूटने का आरोप
घर में नौकर बनकर घुसी नेपाली गैंग, 20 दिन तक की रेकी के बाद दिया बंधक बनाकर लूट को अंजाम
जवाहर सर्किल डकैती मामले में पुलिस का खुलासा, यूपी-नेपाल बॉर्डर से आए आरोपी गिरफ्तार; करीब 5 लाख रुपए नकद समेत जेवरात और अन्य सामान लूटने का आरोप
जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश-नेपाल सीमा क्षेत्र से जयपुर पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने से पहले घर की करीब 20 दिनों तक रेकी की गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले घरेलू नौकर के रूप में घर में प्रवेश कर परिवार की दिनचर्या, आने-जाने के समय और घर की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जुटाती थी। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
फर्जी पहचान और पते का करते थे इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य अपनी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए फर्जी पहचान-पत्र और पते का इस्तेमाल करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों पर फर्जी नाम और पहचान के जरिए ठिकाने बनाते थे, जिससे पुलिस को उनकी पहचान तक पहुंचने में मुश्किल हो।
वारदात के दौरान आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाया और घर से करीब 5 लाख रुपए नकद, कीमती घड़ी, सोने-हीरे की अंगूठियां, ब्रेसलेट, पेंडल, सोने की गिन्नी तथा चांदी के सिक्के सहित अन्य सामान लूट लिया।
10 हजार किमी पीछा करने के बाद भी नहीं मिला पूरा माल
पुलिस ने तकनीकी जांच और आरोपियों की गतिविधियों के आधार पर यूपी-नेपाल बॉर्डर तक दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार मामले में अभी भी लूटे गए माल की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदात करता था। पहले घर की निगरानी, फिर नौकर के रूप में प्रवेश और मौका देखकर साथियों को बुलाकर परिवार को बंधक बनाने की रणनीति अपनाई जाती थी।
पुलिस की कार्रवाई से ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। मामले में फरार या अन्य सहयोगियों की तलाश के साथ लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
संवाददाता — श्रवण पंवार, जयपुर
NMS.NEWS | नवधृति मानवाधिकार समाचार