Category:
Politics (राजनीति)
State:
Rajasthan
2026-08-29 04:53:26
जयपुर। प्रदेश में आगामी निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस की टिकट चयन प्रक्रिया में युवाओं की मजबूत भागीदारी सामने आई है। पार्टी की ओर से युवाओं को 50 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा के बाद टिकट के लिए आए आवेदनों में करीब 78 प्रतिशत आवेदन युवाओं के बताए जा रहे हैं। इससे पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है, वहीं लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ दावेदारों के सामने चुनौती भी बढ़ गई है।
कांग्रेस के युवा टिकट फॉर्मूले ने बढ़ाई दावेदारों की उम्मीदें, 78% आवेदन युवाओं के
जयपुर। प्रदेश में आगामी निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस की टिकट चयन प्रक्रिया में युवाओं की मजबूत भागीदारी सामने आई है। पार्टी की ओर से युवाओं को 50 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा के बाद टिकट के लिए आए आवेदनों में करीब 78 प्रतिशत आवेदन युवाओं के बताए जा रहे हैं। इससे पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है, वहीं लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ दावेदारों के सामने चुनौती भी बढ़ गई है।
प्रदेश के 309 निकायों के 10,245 वार्डों में पार्षद चुनाव के लिए कांग्रेस ने युवाओं को प्रतिनिधित्व देने का फॉर्मूला सामने रखा है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 60 हजार आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन प्राप्त हुए, जिनमें लगभग 47 हजार आवेदन युवाओं के हैं।
पार्टी स्तर पर टिकट आवेदन की प्रक्रिया में इस बार ऑनलाइन व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार आवेदन प्रक्रिया में भाग लिया है। इससे कांग्रेस को जमीनी स्तर पर नए चेहरों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की बड़ी सूची मिली है।
रिटर्निंग अधिकारी को सीधे भेजने का फॉर्मूला
टिकट चयन को लेकर पार्टी के भीतर आवेदन और संभावित प्रत्याशियों की जानकारी को लेकर भी सावधानी बरती जा रही है। रिटर्निंग अधिकारियों को सीधे सिंगल सबमिट करने की प्रक्रिया पर जोर दिया जा रहा है, ताकि टिकट चयन से पहले नाम सार्वजनिक होने और संभावित दावेदारों के बीच अनावश्यक विवाद की स्थिति से बचा जा सके।
कई जिलों में वार्डवार प्रक्रिया पूरी होने के बाद संभावित प्रत्याशियों से संपर्क किए जाने की बात सामने आई है। पार्टी संगठन अब युवाओं की भागीदारी के साथ-साथ जमीनी पकड़, संगठन में सक्रियता, स्थानीय छवि और चुनावी क्षमता को भी टिकट चयन का आधार बनाने की तैयारी में है।
युवा चेहरों के साथ अनुभवी दावेदारों पर भी नजर
50 प्रतिशत टिकट युवाओं को देने के फॉर्मूले ने कांग्रेस के पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा तेज कर दी है। अब पार्टी के सामने चुनौती यह है कि युवा ऊर्जा और अनुभवी नेतृत्व के बीच संतुलन बनाते हुए ऐसे प्रत्याशियों का चयन किया जाए, जो अपने-अपने वार्ड में मजबूत मुकाबला दे सकें।
आने वाले दिनों में जिला स्तर पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा और संगठनात्मक फीडबैक के बाद टिकटों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।
संवाददाता – श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS