Category:
Cars (कारें)
State:
Rajasthan
2026-08-30 03:19:03
सीकर। शहर के जयपुर रोड स्थित दो ई-वाहन शोरूम में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम में खड़ी करीब 40 इलेक्ट्रिक स्कूटी, बाइक और ऑटो आग की चपेट में आ गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीकर में ई-वाहन शोरूम में भीषण आग, 40 इलेक्ट्रिक स्कूटी-बाइक और ऑटो जलकर खाक
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, करीब 3.50 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान
सीकर। शहर के जयपुर रोड स्थित दो ई-वाहन शोरूम में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम में खड़ी करीब 40 इलेक्ट्रिक स्कूटी, बाइक और ऑटो आग की चपेट में आ गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत बीआरएस ऑटोमोबाइल्स के शोरूम में हुई। वहां मौजूद इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही समय में आग ने शोरूम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
प्लास्टिक-रबर के सामान ने बढ़ाई आग की भयावहता
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। शोरूम में मौजूद प्लास्टिक, रबर और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से भड़क गई। सूचना मिलते ही सीकर सहित नवलगढ़, खाटूश्यामजी, फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के क्षेत्रों से भी दमकल संसाधन बुलाए गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार हादसे में करीब 3.50 करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फायर एनओसी को लेकर भी उठे सवाल
आग की घटना के बाद शोरूम की फायर सेफ्टी व्यवस्था और फायर एनओसी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अग्निशमन विभाग की ओर से शोरूम संचालक को करीब दो महीने पहले फायर एनओसी लेने के लिए नोटिस दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, अब तक एनओसी नहीं ली गई थी।
अग्निशमन अधिकारी के अनुसार टीम द्वारा मौके पर लगे अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आग से बचाव के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और फायर सेफ्टी नियमों के पालन की स्थिति की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
संवाददाता — श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS