Category:
District News (जिला समाचार)
State:
Madhya Pradesh
2026-08-30 15:22:09
पढ़ो-पढ़ाओ’ पहल से शिक्षा को बढ़ावा, अनूपपुर में विद्यार्थियों को बांटी स्टेशनरी
‘पढ़ो-पढ़ाओ’ पहल से शिक्षा को बढ़ावा, अनूपपुर में विद्यार्थियों को बांटी स्टेशनरी
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी का आयोजन, नात शरीफ व तकरीर से बच्चों ने मोहा मन; पत्रकार, अधिवक्ता और समाजसेवियों का सम्मान
मदन मोहन मिश्रा | अनूपपुर, मध्य प्रदेश
अनूपपुर। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर जिला मुख्यालय अनूपपुर में अंजुमन इस्लामिया कमेटी द्वारा ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 29 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और समाज में शैक्षणिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड भोपाल के निर्देशन तथा जिला वक्फ बोर्ड अध्यक्ष इरशाद अहमद की सरपरस्ती में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर लियाकत अली ने की। इस दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं अनूपपुर विधानसभा प्रत्याशी रमेश सिंह, मध्यप्रदेश कांग्रेस के नगरीय निकाय उपाध्यक्ष आशीष त्रिपाठी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष विवेक बियाणी और भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
10वीं-12वीं पास विद्यार्थियों को मिली स्टेशनरी
‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए उपयोगी स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। अतिथियों ने विद्यार्थियों को अपने हाथों से सामग्री प्रदान की। स्टेशनरी प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया।
नात शरीफ और तकरीर ने बांधा समां
कार्यक्रम में बच्चों ने नात शरीफ, तकरीर और सवाल-जवाब की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ शिक्षा और संस्कार के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वक्फ बोर्ड की गतिविधियों की दी जानकारी
जिला वक्फ बोर्ड अध्यक्ष इरशाद अहमद ने उपस्थित लोगों को मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने वक्फ संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने सहित बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की।
समाजसेवा और पत्रकारिता से जुड़े लोगों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए इरशाद अहमद, अधिवक्ता वासुदेव चटर्जी एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी को सम्मानित किया गया।
वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पत्रकार चैतन्य मिश्रा एवं आदर्श दुबे को भी शॉल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की पहल की सराहना की।
संवाददाता — मदन मोहन मिश्रा
अनूपपुर, मध्य प्रदेश | NMS.NEWS