Category:
District News (जिला समाचार)
State:
Madhya Pradesh
2026-08-31 13:38:56
38 वर्षों की शिक्षा सेवा को विराम, शिक्षक अनिल कुमार सिंह हुए सेवानिवृत्त
38 वर्षों की शिक्षा सेवा को विराम, शिक्षक अनिल कुमार सिंह हुए सेवानिवृत्त
विदाई समारोह में उमड़ा शिक्षक समाज और शुभचिंतकों का स्नेह, छात्राओं को उपहार देकर अनिल सिंह ने पेश की सेवा भावना की मिसाल
अनूपपुर | मदन मोहन मिश्रा, जिला ब्यूरो अनूपपुर
अनूपपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर में लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देने वाले शिक्षक अनिल कुमार सिंह अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने के बाद शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए। लगभग 38 वर्षों की उनकी शिक्षकीय एवं संगठनात्मक सेवा के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षक समाज, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, विद्यार्थियों और परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को याद किया।
13 फरवरी 1989 से शुरू हुआ सेवा सफर
अनिल कुमार सिंह का जन्म 1 सितंबर 1964 को अनूपपुर निवासी स्वर्गीय सुदामा सिंह एवं स्वर्गीय श्रीमती लक्ष्मीना सिंह के परिवार में हुआ। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा कोतमा, माध्यमिक शिक्षा मानपुर, हायर सेकेंडरी शिक्षा उमरिया तथा उच्च शिक्षा अनूपपुर एवं शहडोल से प्राप्त की।
उनकी शासकीय सेवा की शुरुआत 13 फरवरी 1989 को शासकीय माध्यमिक विद्यालय लेढ़रा, पुष्पराजगढ़ में सहायक शिक्षक के रूप में हुई। इसके बाद वर्ष 1990 में शासकीय प्राथमिक विद्यालय कदमटोला अनूपपुर तथा वर्ष 1993 में शासकीय प्राथमिक विद्यालय पकरिया, संकुल केंद्र सकोला में सेवाएं दीं।
शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यकुशलता को देखते हुए वर्ष 2001 में उन्हें समेकित शिक्षा संचालन के लिए खंड स्रोत समन्वयक का दायित्व मिला। साक्षरता अभियान और महिला पढ़ना-बढ़ना जैसी गतिविधियों के संचालन के बाद वर्ष 2004 में वे खंड अकादमिक समन्वयक (बीएसी) के रूप में जनपद शिक्षा केंद्र अनूपपुर में पदस्थ हुए और वर्ष 2016 तक इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
शिक्षा के साथ शिक्षक हितों के लिए भी सक्रिय रहे
अनिल कुमार सिंह ने अपने सेवाकाल में विभिन्न प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक योग्यताएं भी हासिल कीं। हेडस्टार्ट परियोजना के अंतर्गत कंप्यूटर प्रशिक्षण, डीएड तथा रेडक्रॉस फर्स्ट एड परीक्षा जैसी गतिविधियों में उन्होंने सहभागिता की।
वर्ष 2016 में बीएसी पद से प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर में अपनी सेवाएं जारी रखीं। बाद में उन्हें उच्च पद प्रभार के तहत उच्च श्रेणी शिक्षक का दायित्व भी सौंपा गया।
शिक्षण कार्य के साथ-साथ वे मध्यप्रदेश शिक्षक संघ से भी लंबे समय से जुड़े रहे। वर्ष 1990 में आजीवन सदस्यता लेने के बाद उन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष, जिला सचिव, दो बार जिलाध्यक्ष, संभागीय अध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वर्तमान में भी वे प्रांतीय संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग का दायित्व निभा रहे हैं।
भव्य रहा विदाई समारोह
विदाई समारोह में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौड़, प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता, जनजातीय आयोग अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री रामलाल रौतेल, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू सिंह चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रमेश सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष मदन कुमार त्रिपाठी, शिक्षक संघ के विभिन्न पदाधिकारी, अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, विद्यालय स्टाफ, छात्राएं एवं परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों एवं शिक्षक साथियों ने सेवानिवृत्त हो रहे अनिल कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ, शॉल, श्रीफल एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मान किया।
विदाई के मौके पर भी नहीं भूले विद्यार्थी
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण उस समय आया, जब अनिल कुमार सिंह ने विद्यालय की अध्ययनरत छात्राओं को स्नेह स्वरूप पानी की बोतल, पेन-पेंसिल और कॉपियां भेंट कीं। सेवानिवृत्ति के अवसर पर भी विद्यार्थियों के प्रति उनका यह स्नेह उनकी सेवा भावना को दर्शाता रहा।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि अनिल कुमार सिंह ने अपने लंबे सेवाकाल में शिक्षा, विद्यार्थी और शिक्षक समाज के हित में निरंतर कार्य किया। उनकी कार्यशैली और समर्पण आने वाले समय में भी शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
अंत में विद्यालय परिवार, शिक्षक साथियों, विद्यार्थियों, अतिथियों एवं परिजनों ने अनिल कुमार सिंह को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। शासकीय सेवा से उनका दायित्व भले समाप्त हुआ हो, लेकिन शिक्षा जगत में उनके योगदान की स्मृतियां लंबे समय तक बनी रहेंगी।
— संवाददाता/जिला ब्यूरो
मदन मोहन मिश्रा
अनूपपुर, मध्य प्रदेश