News Details | Navdhriti Manavadhikar Samachar
LIVE UPDATES
Loading fresh updates...
NMS NEWS JAIPUR

Reporter

Category: Education (शिक्षा)    State: Rajasthan

2026-09-05 07:15:02

जयपुर। राजस्थान में उच्च शिक्षा से जुड़ी विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से कराने की दिशा में उच्च शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग की टीम ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है, जिसके आधार पर एक अलग परीक्षा एजेंसी के गठन का ड्राफ्ट तैयार किया गया है।

राजस्थान में प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी तेज, विवि एंट्रेंस और PTET समेत परीक्षाओं के लिए नई एजेंसी का ड्राफ्ट तैयार

जयपुर। राजस्थान में उच्च शिक्षा से जुड़ी विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से कराने की दिशा में उच्च शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग की टीम ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है, जिसके आधार पर एक अलग परीक्षा एजेंसी के गठन का ड्राफ्ट तैयार किया गया है।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत विश्वविद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं, पीटीईटी और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से संबंधित प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन कराया जा सकेगा। परीक्षा प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) को प्राथमिकता देने की तैयारी है।

जिला मुख्यालयों पर बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र

नई व्यवस्था में परीक्षार्थियों को सुविधा देने के लिए जिला मुख्यालयों पर परीक्षा केंद्र विकसित किए जाने की योजना है। CBT आधारित परीक्षा होने से परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र सुरक्षा, परिणाम प्रक्रिया और अभ्यर्थियों की निगरानी को अधिक तकनीकी एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

रिपोर्ट के अनुसार प्रस्तावित एजेंसी के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के अलावा यूजी, पीजी, पीटीईटी तथा आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रवेश परीक्षाएं भी कराई जा सकती हैं। तकनीकी एवं पॉलीटेक्निकल कॉलेजों की प्रवेश परीक्षाओं को भी इसके दायरे में लाने पर विचार किया जा रहा है।

पेपर लीक पर लगाम लगाने पर जोर

नई परीक्षा व्यवस्था का सबसे बड़ा उद्देश्य पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं पर रोक लगाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि CBT प्रणाली में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी और परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया को अधिक नियंत्रित किया जा सकता है।

उच्च शिक्षा विभाग की ओर से तैयार किए जा रहे इस प्रस्ताव को अंतिम रूप दिए जाने के बाद परीक्षा एजेंसी की भूमिका, परीक्षाओं का दायरा और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। इससे प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षाओं के लिए एक केंद्रीकृत और तकनीक आधारित व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।

संवाददाता — श्रवण पंवार, जयपुर
NMS.NEWS | Navdhriti Manavadhikar Samachar
Old Archives & News

Looking for our older reports or missed stories from the past?

View Old News