Category:
Crime (अपराध)
State:
Rajasthan
2026-09-13 03:52:48
HPCL पाइपलाइन में सेंधमारी का खुलासा, 20 टन क्रूड ऑयल चोरी; अंतरराज्यीय गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार
बालोतरा। पचपदरा क्षेत्र से गुजर रही HPCL की क्रूड ऑयल पाइपलाइन में सेंधमारी कर करीब 20 टन कच्चा तेल चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के बाद पाइपलाइन से तेल चोरी करने वाले नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पाइपलाइन की पहचान कर उसके आसपास रेकी की और जमीन के नीचे पाइपलाइन तक पहुंच बनाकर अवैध तरीके से वाल्व लगाया। इसके बाद पाइपलाइन से क्रूड ऑयल निकालकर टैंकरों के जरिए ले जाने की तैयारी की गई।
मामले की सूचना मिलने के बाद गुजरात एटीएस और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए संदिग्धों तक पहुंच बनाई। पूछताछ के दौरान पाइपलाइन में सेंधमारी और क्रूड ऑयल की चोरी से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि चोरी किए गए क्रूड ऑयल की सप्लाई कहां की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पाइपलाइन जैसी महत्वपूर्ण औद्योगिक संपत्ति में सेंधमारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जांच एजेंसियां गिरोह के पूरे नेटवर्क और चोरी के तेल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
संवाददाता – श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS