Category:
Crime (अपराध)
State:
Rajasthan
2026-09-13 06:53:09
जयपुर। राजस्थान में नशे के कारोबार से जुड़े संगठित नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत 73.64 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई की है। पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ड्रग माफियाओं पर राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 73.64 करोड़ की संपत्ति जब्त
जयपुर। राजस्थान में नशे के कारोबार से जुड़े संगठित नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत 73.64 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई की है। पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसे कार्रवाई के दायरे में लाया गया। इस अभियान के तहत 63 इस्तगासे सक्षम प्राधिकारी को भेजे गए, जबकि 25 मामलों में विधिक प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। वहीं 38 मामलों में अंतिम आदेश पारित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक संपत्ति जब्त
जिलेवार कार्रवाई में चित्तौड़गढ़ में करीब 20.35 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई, जबकि बारां में करीब 18.48 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा अन्य जिलों में भी नशा तस्करों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस की कार्रवाई में तस्करों की आलीशान इमारतें, कृषि भूमि, आवासीय भूखंड और अन्य संपत्तियां शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और संपत्ति पर भी कार्रवाई जरूरी है।
आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार से तस्करों में खलबली
राजस्थान पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय गिरोहों के आर्थिक नेटवर्क पर सीधा असर पड़ने की उम्मीद है। पुलिस अब ऐसे मामलों में संपत्ति के स्रोत, लेन-देन और अपराध से अर्जित धन की कड़ी को भी जांच के दायरे में ला रही है।
अधिकारियों के सख्त निर्देशों के बाद एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स और संबंधित पुलिस इकाइयों द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज किया जा रहा है। कार्रवाई का उद्देश्य नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन के साथ-साथ उससे होने वाली अवैध कमाई को भी रोकना है।
संवाददाता — श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS