News Details | Navdhriti Manavadhikar Samachar
Home Category E-Book
Quick Menu
NMS NEWS JAIPUR

Reporter

Category: District News (जिला समाचार)    State: Rajasthan

2026-09-27 03:55:48

लग्जरी वाहनों में छिपाकर ले जा रहे थे डोडा-पोस्त, पुलिस ने 30 किलो मादक पदार्थ के साथ चार वाहन किए जब्त

लग्जरी वाहनों में छिपाकर ले जा रहे थे डोडा-पोस्त, पुलिस ने 30 किलो मादक पदार्थ के साथ चार वाहन किए जब्त

बालोतरा/रामजी का गोल। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने रामजी का गोल क्षेत्र की भगवती कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए 30 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में चार लग्जरी वाहन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान संदिग्ध वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस को भगवती कॉलोनी स्थित एक मकान में बिना नंबर की कई संदिग्ध गाड़ियां खड़ी होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर डीएसटी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के दौरान कुछ वाहन वहां से निकलने लगे, जिसके बाद टीम ने उनका पीछा किया।

पीछा करने के दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन का टायर बेरीगांव की सीमा में फट गया। वाहन रुकने के बाद चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो पीछे की सीटें हटाई हुई मिलीं। सीटों के स्थान पर रखे दो प्लास्टिक के कट्टों से कुल 30 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया गया।

पुलिस जांच में फॉर्च्यूनर पर नियमित पंजीयन नंबर नहीं मिले तथा वाहन के चेसिस और इंजन नंबर भी घिसे हुए पाए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने भगवती कॉलोनी में दोबारा कार्रवाई करते हुए एक मकान और समीप स्थित खाली प्लॉट से तीन अन्य संदिग्ध वाहन बरामद किए। इनमें क्रेटा, स्विफ्ट और टाटा हैरियर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ वाहनों की पिछली सीटें भी हटाई हुई थीं।

पुलिस ने चारों वाहनों को नियमानुसार जब्त कर लिया है। तलाशी के दौरान कुछ नंबर प्लेटें भी बरामद होने की बात सामने आई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस अब फरार संदिग्धों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस वाहन चोरी तथा मादक पदार्थों की तस्करी के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

संवाददाता: श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS
Old Archives & News

Looking for our older reports or missed stories from the past?

View Old News