Category:
Sports (खेल)
State:
Delhi
2026-09-29 03:14:48
निशियो (जापान)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सिंग टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने महिला 75 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की सियोंग सुयोन को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही लवलीना ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पदक सुनिश्चित कर लिया है।
लवलीना का दमदार पंच, एशियन गेम्स में लगातार दूसरा पदक पक्का
निशियो (जापान)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सिंग टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने महिला 75 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की सियोंग सुयोन को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही लवलीना ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पदक सुनिश्चित कर लिया है।
लवलीना ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और अपने पंचों तथा बेहतर मूवमेंट के दम पर मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। तीनों राउंड में भारतीय मुक्केबाज का प्रदर्शन निर्णायकों को प्रभावित करने वाला रहा और फैसला सर्वसम्मति से उनके पक्ष में आया।
लवलीना ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। अब वह लगातार दूसरी एशियाई खेलों में पोडियम पर जगह बनाने से सिर्फ एक मुकाबला दूर हैं। सेमीफाइनल में उनका सामना कजाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा से होगा। मुकाबला 30 सितंबर को निर्धारित है।
भारतीय बॉक्सिंग में पदकों की बढ़ी उम्मीद
लवलीना के साथ प्रिया घंघास ने 60 किग्रा वर्ग में ताजिकिस्तान की मिजगोना समादोवा को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इससे भारत के लिए दो और बॉक्सिंग पदक सुनिश्चित हुए। इससे पहले परवीन हुड्डा, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बरवाल भी अपने-अपने वर्गों में सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर चुके थे।
भारतीय मुक्केबाजों के लगातार अंतिम चार में पहुंचने से एशियन गेम्स में देश के पदक अभियान को मजबूती मिली है। अब निगाहें सेमीफाइनल मुकाबलों पर हैं, जहां भारतीय खिलाड़ी पदक का रंग बदलने के लिए रिंग में उतरेंगे।
संवाददाता — श्रवण पंवार, जयपुर
NMS.NEWS — Navdhriti Manavadhikar Samachar