Category:
Politics (राजनीति)
State:
Delhi
2026-09-30 02:57:59
चुनाव आयोग के कामकाज पर उठे सवालों के बीच सुप्रीम कोर्ट अगले सप्ताह करेगा सुनवाई
चुनाव आयोग के कामकाज पर उठे सवालों के बीच सुप्रीम कोर्ट अगले सप्ताह करेगा सुनवाई
समाचार
नई दिल्ली। चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई अगले सप्ताह करने पर सहमति जताई है। यह याचिका चुनाव आयोग के बहुसदस्यीय स्वरूप और निर्णय लेने की प्रक्रिया से जुड़े संवैधानिक एवं कानूनी सवालों पर केंद्रित है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि चुनाव आयोग के नाम पर लिए गए कुछ निर्णयों में अन्य चुनाव आयुक्तों की सहमति और भागीदारी को लेकर सवाल हैं। याचिकाकर्ता ने संविधान के अनुच्छेद 324 और मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं अन्य निर्वाचन आयुक्त अधिनियम, 2023 के तहत आयोग की सामूहिक निर्णय प्रक्रिया का पालन किए जाने की मांग की है।
मामला उस समय और चर्चा में आया जब मीडिया रिपोर्टों में चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से SIR और मतदाता सूची से जुड़े कुछ फैसलों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई। वहीं, चुनाव आयोग ने 26 सितंबर को स्पष्ट किया कि SIR से संबंधित उसके आदेशों और फॉर्म-6 में किए गए बदलावों को तीनों आयुक्तों की सर्वसम्मत मंजूरी प्राप्त थी। आयोग ने यह भी कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से जुड़े मामलों की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए दस्तावेजों के डोर-टू-डोर संग्रह, कुछ क्षेत्रों में दावों और आपत्तियों की समयसीमा बढ़ाने तथा ECINET प्रणाली की समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने जैसे कदमों की जानकारी दी है।
अब सुप्रीम कोर्ट की आगामी सुनवाई में यह देखा जाएगा कि याचिका में उठाए गए चुनाव आयोग की निर्णय प्रक्रिया और SIR से जुड़े कानूनी सवालों पर अदालत क्या रुख अपनाती है। फिलहाल अदालत ने मामले पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है।
संवाददाता — श्रवण पंवार, जयपुर
NMS.NEWS