News Details | Navdhriti Manavadhikar Samachar
Home Category E-Magazine
Quick Menu
NMS NEWS JAIPUR

Reporter

Category: Crime (अपराध)    State: Rajasthan

2026-10-03 02:39:26

जयपुर। प्रॉपर्टी और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में जयपुर दक्षिण की सोडाला थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा वर्ष 2021 में एक कंपनी के नाम पर निवेशकों को कुछ महीनों में अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर 50 से अधिक लोगों से रकम लेने की बात सामने आई है।

प्रॉपर्टी निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। प्रॉपर्टी और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में जयपुर दक्षिण की सोडाला थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा वर्ष 2021 में एक कंपनी के नाम पर निवेशकों को कुछ महीनों में अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर 50 से अधिक लोगों से रकम लेने की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक निवेशकों से प्राप्त राशि में से कुछ रकम मुनाफे के रूप में लौटाई गई, जबकि शेष रकम लेकर आरोपी फरार हो गए। शिकायतकर्ता ऋषि मेहता से 1.55 करोड़ रुपये के चेक और करीब 4 करोड़ रुपये नकद सहित कुल 5.55 करोड़ रुपये लेने की बात जांच में सामने आई है।

मर्सिडीज और महंगी बाइक समेत संपत्ति जब्त

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत की मर्सिडीज-बेंज E450 कार और लगभग 25 लाख रुपये कीमत की ट्रायम्फ स्ट्रीट ट्रिपल बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार इन दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये है। इसके अलावा ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 1 करोड़ रुपये की एफडी भी फ्रीज कराई गई है। पुलिस ने कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

फर्जी क्रिप्टो वेबसाइट बनाकर भी ठगी का आरोप

पुलिस जांच में Flinty-10 और Flinty-live नाम से क्रिप्टोकरेंसी व डिजिटल कॉइन से जुड़ी कथित फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से निवेशकों को जोड़कर रकम लेने की बात सामने आई है। आरोपियों के खिलाफ चित्रकूट, साइबर क्राइम, चोमूं और सोडाला थानों में ठगी से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार इन मामलों में अब तक करीब 91.54 करोड़ रुपये की ठगी की जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कालोया (27) निवासी बड़ोदरा की ढाणी, कालाडेरा तथा घनश्याम कंडेला उर्फ घनश्याम कंडेल (35) निवासी चितवाड़ी, सामोद के रूप में बताई है। दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए गए हैं। मामले में पुलिस अब निवेशकों से प्राप्त रकम, बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और अन्य संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।

संवाददाता श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS
Old Archives & News

Looking for our older reports or missed stories from the past?

View Old News